श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल थाना अमलाई पुलिस ने नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन से गांजा, दो देशी कट्टे और जिंदा कारतूस बरामद कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में उदयभान उर्फ दादू जायसवाल (40) निवासी सिरौंजा थाना खैरहा, आशीष गुप्ता (28) निवासी उमनिया थाना राजेन्द्रग्राम, कपिल सोनी (28) निवासी सकोला थाना भालूमाड़ा, मोहम्मद युसूफ (28) निवासी सरबहरा थाना गौरेला जिला जीपीएम छत्तीसगढ़ और प्रणव शर्मा उर्फ श्यामू (41) निवासी बुढ़ार शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान कपिल सोनी और प्रणव शर्मा के पास से 2 अवैध देशी कट्टे और 2 जिंदा 8 एमएम कारतूस बरामद किए। वहीं स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर सीट के बीच रखी बोरी से 1.567 किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजा, 2 देशी कट्टे, 2 जिंदा कारतूस, स्कॉर्पियो वाहन, 3 अन्य नंबर प्लेट और 5 महंगे एंड्रायड व आईफोन मोबाइल जब्त किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा बदरा निवासी दीपू सिंह और लखवरिया निवासी विकास जायसवाल से खरीदना स्वीकार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/20 और आर्म्स एक्ट की धारा 25-27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्रमणि पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार शुक्ला, सहायक उपनिरीक्षक करतार सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश कुमार तथा आरक्षक सुखदेव सिंह, दयाशंकर सिंह और शैलेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







