श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- चुहिरीः जनपद पंचायत गोहपारू अंतर्गत ग्राम पंचायत नवा टोला में विकास कार्यों के नाम पर अनियमितता की जा रही है। यहां हरिजन बस्ती में एक निर्माणाधीन पुलिया लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण है। लाखों रुपये की लागत से बनाई जा रही, इस पुलिया में बुनियादी तकनीकी मानकों की अनदेखी करते हुए कैप बीम का निर्माण नहीं किया गया है, जिससे यह ढांचा कभी भी हादसे का कारण बन सकता है।
जानकारों के अनुसार, किसी भी पुलिया या पुल निर्माण में कैप बीम अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जो खंभों (पिलर) को जोड़कर भार को संतुलित रूप से वितरित करता है। लेकिन नवा टोला में बनाई जा रही पुलिया में इस अनिवार्य संरचना को नजरअंदाज किया गया निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठते हैं। तकनीकी खामी के कारण पुलिया का ऊपरी हिस्सा (स्लैब) बिना सपोर्ट के है, जिससे टूटने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, है,
तो पहली तेज बारिश में यह पुलिया ढह सकती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कैप बीम न बनाकर सरिया और सीमेंट की बचत की गई है, जो वित्तीय अनियमितता का संकेत है। घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की भी शिकायतें हैं। अन्नू के घर के पास रहने वाले बस्तीवासियों में इस निर्माण को लेकर भारी नाराजगी है।
उनका कहना है कि प्रशासन जानबूझकर अनदेखी कर रहा है, क्योंकि यह काम गरीब बस्ती में हो रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित अधिकारी जांच नहीं करते और सुधार नहीं करते, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। क्षेत्र में इस असुरक्षित निर्माण को लेकर आक्रोश बढ़ रहा है।







