श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- अनूपपुर। जिले के करनपठार थाना अंतर्गत सरई चौकी में पदस्थ सब इंस्पेक्टर मंगला दुबे पर मंगलवार को बकरी चोरों ने पथराव कर दिया। गंभीर रूप से घायल चौकी प्रभारी को शहडोल के जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनके सिर में 15 टांके लगे हैं। तीन बकरी चोरों ने उनकी सर्विस रिवाल्वर भी छीन ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
बकरी चोरों को ढूंढने बेनीबारी की तरफ गए थे
एसपी मोतिउर रहमान ने बताया कि सूचना मिली थी कि सरई व अमगवां के बीच कुछ लोग बकरी चोरी करने के उद्देश्य से घूम रहे हैं। चौकी प्रभारी मंगला दुबे पुलिस जीप से एएसआई राम प्रसाद मरावी के साथ बकरी चोरों को ढूंढने बेनीबारी की तरफ गए थे।
मोटरसाइकिल पर तीन युवक बकरे लेकर आ रहे थे
थाना से लगभग पांच किलोमीटर दूर तुलरा रोड पर एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक बकरे लेकर आ रहे थे। चौकी प्रभारी ने तरंग गांव के पास क्रशर के मोड़ पर युवकों को रोकना चाहा, लेकिन वे नहीं रुके। पुलिस ने आगे जाकर ओवरटेक कर उन्हें रोका। तीनों युवकों के साथ मंगला दुबे की झड़प हो गई।
तीनों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें भेजी गई हैं
चौकी प्रभारी ने तीनों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उन पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एएसआई राम प्रसाद मरावी को हल्की चोटी आई हैं। आरोपित मोटरसाइकिल छोड़कर भाग निकले। एसपी ने बताया कि आरोपित चौकी प्रभारी की सर्विस रिवाल्वर लेकर फरार हो गए हैं। तीनों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें भेजी गई हैं।











