श्रेय न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- गुजरी (धार)। धार जिले के धामनोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुजरी की डेहरिया बस्ती में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ अचानक रिहायशी इलाके में घुस आया। तेंदुए ने हमला कर एक महिला सहित चार ग्रामीणों को घायल कर दिया। हालात को काबू करने पहुंचे वन विभाग के एक कर्मचारी को भी चोट आई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
घायलों में महेश वास्केल, ग्यारसीलाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और विकास डावर (निवासी बडवेल) शामिल हैं। सभी को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए और बच्चे-बुजुर्ग सहमे नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ अचानक झाड़ियों से निकलकर बस्ती में घुसा और सामने आए लोगों पर हमला कर दिया।
तेंदुए को घेर लिया
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। तेंदुए को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। वन अमले द्वारा लगातार सर्चिंग की जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आ सका है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और अकेले खेत या जंगल की ओर जाने से बचें। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
स्थिति गंभीर, निगरानी बढ़ाई गई
तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। गांव में माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। वन विभाग का कहना है कि जल्द ही तेंदुए को काबू में कर लिया जाएगा, ताकि ग्रामीणों में फैला भय खत्म हो सके।







