श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुरः कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कलेक्टर हर्षल पंचोली ने निर्देश दिए कि जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी प्राथमिकता के आधार पर ई-एचआरएमएस पोर्टल पर शिफ्ट हो जाएं।
यह शासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसके माध्यम से अधिकारी एवं कर्मचारी सर्विस बुक एंट्री, पदोन्नति, वेतन, समयमान वेतनमान, अवकाश सहित अन्य सुविधाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे इस आनलाइन प्रक्रिया का कंड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा 31 अप्रैल तक सभी विभागों का पोर्टल पर शिफ्ट होना अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि 1 मई से जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के कार्य ई एचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से ही संपादित किए जाएंगे।
बैठक में कलेक्टर ने कृषि वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले के किसानों को उन्नत बनाने के लिए कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी रणनीति के माथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को लेमनग्रास की खेती के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो सकें। हेक्टेयरवार बेहतर योजना बनाकर कृषि कार्य कराए जांए, जिससे उत्पादन में वृद्धि हो और किसानों की आय में निरंतर बढ़ोतरी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र में जिला स्तरीय तथा पुष्पराजगढ़ एवं कोतमा विधानसभा क्षेत्रों में ब्लाक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को दिए। इस अधिनियम का प्रचार-प्रसार प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी मिल सके।
कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित कार्यों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा में उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में स्थित तालाबों की नियमित सफाई करने के निर्देश दिए तथा कहा कि तालाबों में जमा कचरा, गाद एवं नदी-नालों की सफाई व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से की जाए, ताकि जल स्त्रोतों का संरक्षण और संवर्धन बेहतर ढंग से हो सके। मई माह में स्कूल नामांकन अभियान चलाने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए।
इसके लिए स्कूलवार विद्यार्थियों की सूची तैयार कर जिन अधिकारियों को जिन गांवों का प्रभार दिया गया है, वे क्षेत्र में भ्रमण कर विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को पुनः विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें, जिससे जिले में पूर्ण नामांकन का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
कलेक्टर ने नागरिकों से एमपी ई-सेवा पोर्टल एवं मोबाइल एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर शासकीय सेवाओं का आसानी एवं सुगमता से लाभ प्राप्त करने की बात कही।










