श्रेया न्यूज़ द्रोपती दुर्वे shahdol : भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत के मामले के बाद अब ग्वालियर के मानपुर फेज वन स्थित पीएम आवास योजना में भी गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां ब्लाक 52 की पानी की टंकी में मरी हुई छिपकली मिलने से रहवासियों में हड़कंप मच गया। इससे फ्लैटों में दूषित पानी की आपूर्ति होने की आशंका जताई जा रही है।
पानी खत्म होने पर सामने आया मामला
यह मामला गुरुवार को तब सामने आया जब ब्लाक 52 की मल्टी स्टोरी इमारत पर बनी पानी की टंकी का पानी खत्म हो गया। फ्लैटों में पानी की आपूर्ति बंद होने पर कुछ रहवासी टंकी की स्थिति देखने पहुंचे। जब उन्होंने टंकी के अंदर झांककर देखा तो उसमें पानी नहीं था, लेकिन एक मरी हुई छिपकली पड़ी हुई दिखाई दी। यह देखकर लोगों में नाराजगी फैल गई और पूरे ब्लाक में हंगामे जैसी स्थिति बन गई। घटना सामने आने के बाद रहवासियों ने नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की। लोगों का कहना है कि पहले भी पीएम आवास योजना में सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस पर कोई गंभीर ध्यान नहीं दिया। जबकि यहां रहने वाले लोगों से नगर निगम पहले ही दो साल का मेंटेनेंस शुल्क एडवांस में जमा करवा चुका है।
दो साल से नहीं हुई टंकियों की सफाई
नगर निगम ने पीएम आवासों में सफाई, सुरक्षा और रखरखाव का जिम्मा एक ठेकेदार को दे रखा है। रहवासियों का आरोप है कि ठेकेदार ने पिछले दो साल से पानी की टंकियों की सफाई नहीं कराई है। इसके अलावा अन्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की भी अनदेखी की जा रही है।
छह हजार लोग रह रहे हैं आवास योजना में
मानपुर फेज वन में कुल 1300 आवास बनाए गए हैं, जिनमें करीब छह हजार लोग रह रहे हैं। इतने बड़े आवासीय परिसर में पानी की टंकियों की नियमित सफाई नहीं होना लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है।







