श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- रतलाम। जिले के नयाखेड़ा गांव में टीकाकरण के बाद दस माह के शिशु की मौत हो गई। इस दौरान दो अन्य शिशुओं की तबीयत बिगड़ी, जो बाद में स्वस्थ हो गए। लेकिन प्रियांशु पुत्र धर्मेंद्र मालवीय को नहीं बचाया जा सका। उसके पिता निजी स्कूल में वाहन चलाते हैं, उस वक्त वह गांव से बाहर थे।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
मां कविता प्रियांशु को लेकर धराड़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां से मेडिकल कॉलेज ले जाने को कहा गया, लेकिन रास्ते में मौत हो गई। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। मृतक प्रियांशु के पिता धर्मेंद्र के अनुसार धराड़ स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत ग्राम नयाखेड़ा आंगनबाड़ी केंद्र पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे टीके लगाए गए।
टीकाकरण के बाद बिगड़ी हालत
दो टीके हाथ पर और एक जांघ में लगाया, जिसके कुछ देर बाद ही प्रियांशु के हाथ-पैर ढीले पड़ गए। स्वजन कुछ समझ पाते उससे पहले उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।
स्वास्थ्य विभाग का पक्ष और जांच
प्रियांशु को दस माह से संबंधित टीके लगाए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी। टीका लगने से तीन शिशुओं की तबीयत खराब हुई थी, दो स्वस्थ हो गए। – डॉ. वर्षा कुरील, जिला टीकाकरण अधिकारी।







