SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » MP: अवैध रूप से रेत लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली का खतरनाक स्टंट, रेत माफिया के हौसले कौन कर रहा बुलंद?

MP: अवैध रूप से रेत लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली का खतरनाक स्टंट, रेत माफिया के हौसले कौन कर रहा बुलंद?

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :-    शहडोल जिले में रेत का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। रेत माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से लोड रेत के साथ खतरनाक स्टंट करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें जैतपुर क्षेत्र की कुनुक नदी से रेत लोड ट्रैक्टर का इंजन आगे उठाकर स्टंट किया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार यह वीडियो अरुण कुमार साहू नामक व्यक्ति द्वारा अपनी सोशल मीडिया आईडी से पोस्ट किया गया है। वीडियो रविवार शाम का बताया जा रहा है, जो सोमवार सुबह वायरल हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत लोड कर इंजन का अगला हिस्सा उठाकर स्टंट किया गया, जो न केवल अवैध उत्खनन को दर्शाता है बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी खतरा है।स्टंट के दौरान इंजन में कुछ और लोग भी चालक के अलावा बैठे नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि अरुण कुमार साहू के खिलाफ पूर्व में भी अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर कार्रवाई हो चुकी है। पिछले वर्ष भी उसने नदी से ट्रैक्टर में मजदूरों द्वारा रेत लोड करने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई थी और खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में संबंधित वीडियो को सोशल मीडिया से हटा लिया गया था।

इस पूरे मामले में जैतपुर थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि उन्होंने अभी वीडियो नहीं देखा है, लेकिन यदि वीडियो में अवैध गतिविधि पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पहले भी खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिले में रेत माफियाओं को किसी का डर नहीं रह गया है। यदि प्रशासन का खौफ होता तो खुलेआम अवैध रेत लोड ट्रैक्टर के साथ स्टंटबाजी कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की हिम्मत नहीं होती। अब देखना यह है कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us