SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » कर्ज के बोझ तले टूटी जिंदगी: शहडोल के जंगल में फांसी पर लटका मिला युवक का शव, किस्तों के दबाव में उठाया कदम

कर्ज के बोझ तले टूटी जिंदगी: शहडोल के जंगल में फांसी पर लटका मिला युवक का शव, किस्तों के दबाव में उठाया कदम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :-   शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना चूंदी नदी के पास हाइवे से करीब 100 मीटर अंदर जंगल में सामने आई। सूचना मिलते ही गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दिनेश प्रताप सिंह गोंड (25) निवासी धौनहा के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि युवक ने वाहन के नाम पर लोन लिया था और वह लंबे समय से कर्ज के बोझ तले दबा हुआ था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बताया कि उस पर लाखों रुपये का कर्ज था। किस्तें जमा नहीं हो पाने के कारण कर्जदार बार-बार घर पहुंचकर दबाव बना रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।

पुलिस के मुताबिक 18 फरवरी को दिनेश पैसे की व्यवस्था करने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। 19 फरवरी को उसकी अंतिम बार परिजनों से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया और वह लापता हो गया। परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे, तभी सोमवार देर शाम स्थानीय लोगों ने जंगल के अंदर एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता देखा और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार सुबह मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us