SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » Shahdol News: ब्यौहारी क्षेत्र में जंगली हाथी का तांडव, करही गांव में घर तोड़ा, गेहूं की फसल बर्बाद

Shahdol News: ब्यौहारी क्षेत्र में जंगली हाथी का तांडव, करही गांव में घर तोड़ा, गेहूं की फसल बर्बाद

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :-     शहडोल जिले के ब्यौहारी क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दो वर्षों से शहरगढ़ जंगल क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। इसी झुंड से भटककर एक हाथी ग्राम पंचायत चरका के अंतर्गत करही गांव पहुंच गया, जहां उसने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने एक ग्रामीण का घर में तोड़ फोड़ कर दी और कई किसानों की खेतों में लगी गेहूं की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार करही निवासी अमरितिया सिंह गोंड पति राममनोहर गोंड का कच्चा मकान हाथी ने तोड़ दिया। वहीं उमेश सिंह गोंड और महावीर सिंह गोंड के खेतों में लगी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। रात के समय हाथी के गांव में प्रवेश करने से लोग भयभीत हो गए और उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पश्चिम मंडल ब्यौहारी की वन विभाग टीम मौके पर पहुंची और हाथी की निगरानी शुरू की। वन अधिकारियों ने बताया कि लगभग 10 हाथियों का झुंड शहरगढ़ जंगल के पास मौजूद था, जबकि एक हाथी भटककर करही गांव की ओर आ गया था। फिलहाल हाथी पुनः जंगल की ओर लौट गया है, लेकिन एहतियातन वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं।

वन परिक्षेत्र अधिकारी अशोक निगम ने बताया कि हाथी द्वारा हुए नुकसान की जानकारी राजस्व विभाग एवं संबंधित पटवारी को दे दी गई है, ताकि प्रभावित ग्रामीणों को शीघ्र मुआवजा मिल सके। ग्रामीणों ने कलेक्टर से भी क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है। हाथियों की लगातार गतिविधियों से गांव में भय का वातावरण बना हुआ है और ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल में खदेड़ने की मांग की है। रविवार सुबह से वन विभाग की कई टीमें हाथियों की निगरानी कर रही हैं।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us