श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :– शहडोलः साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान बुढ़ार निवासी संतोष तिवारी ने अपनी 24 वर्षीय बेटी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता का आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित है तथा उसका उपचार टाटा मेमोरियल कैंसर संस्थान, मुंबई में चल रहा है।
उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है। उनके पति प्रद्युम्न प्रसाद तिवारी पूर्व में वाहन चालन का कार्य करते थे, लेकिन पैरालाइज्ड होने के कारण कोई रोजगार नहीं कर पा रहे हैं। बेटी ने एमएससी तक शिक्षा प्राप्त की है, लेकिन बीमारी के कारण वह कार्य करने में असमर्थ हैं। कलेक्टर डा, केदार सिंह ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता के उपचार संबंधी जानकारी विस्तार से प्राप्त की। बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत इलाज निश्शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन मुंबई आने-जाने एवं अन्य आवश्यक खर्चों के लिए परिवार के पास संसाधन नहीं हैं। कलेक्टर ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल रेडक्रास सोसायटी से 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की।







