श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र के नौगई गांव में दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। मामला उस समय बिगड़ गया जब मायके पक्ष के लोगों ने दामाद को आरोपी करते हुए बिजली के खंभे से बांधकर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची और खंभे से बंधे युवक को छुड़ाकर उसे व उसके माता-पिता को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुढार क्षेत्र की एक युवती का विवाह करीब चार वर्ष पहले जैतपुर थाना क्षेत्र के शाही गांव निवासी युवक से हुआ था। बताया गया कि कुछ दिन पहले पति द्वारा मारपीट किए जाने के बाद युवती अपने मायके नौगई आ गई थी। बुधवार को युवती को लेने उसके पति, सास-ससुर और परिवार के अन्य सदस्य नौगई पहुंचे थे। जहां पत्नी ने मायके वालों के सामने पति पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई और मामला गाली-गलौज से होते हुए हाथापाई तक पहुंच गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि विवाद के दौरान युवती के मायके पक्ष के लोगों ने उसके पति को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान शाही गांव से आए सास-ससुर के साथ भी मारपीट की गई। उधर, मायके पक्ष के कुछ लोग भी घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि खंभे में बंधा युवक घायल अवस्था में मिला, जिसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।







