SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » रीढ़ की चोट से परेशान महिला ने किया सुसाइड:शहडोल में नदी किनारे पेड़ से लटका मिला शव; एक महीने पहले काम करते गिरी थी

रीढ़ की चोट से परेशान महिला ने किया सुसाइड:शहडोल में नदी किनारे पेड़ से लटका मिला शव; एक महीने पहले काम करते गिरी थी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :-      शहडोल जिले के खैरहा थाना क्षेत्र में एक महिला (28) ने लंबे समय से दर्द से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान खैरहा निवासी रोशनी कोल पत्नी रितेश कोल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी उमाशंकर चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों के अनुसार, करीब एक महीने पहले महिला घर में काम करते समय गिर गई थीं, जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आ गई थी। इस चोट के इलाज के लिए उन्हें छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ले जाया गया था।

रीढ़ की हड्डी में दर्द से परेशान होकर किया सुसाइड

कई दिनों तक इलाज के बाद परिजन उन्हें घर ले आए थे, लेकिन उनकी हालत पूरी तरह ठीक नहीं हो पाई थी। बताया गया कि महिला चल-फिर लेती थीं, लेकिन झुकने पर असहनीय दर्द होता था, जिसके कारण वह काफी परेशान रहने लगी थीं।

बीते कुछ दिनों में उनका दर्द और बढ़ गया था, जिसे देखते हुए परिजन उन्हें शहडोल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गए थे। डॉक्टरों से जांच कराने के बाद भी उनकी पीड़ा में खास सुधार नहीं आया। लगातार दर्द और मानसिक तनाव के बीच वह घर से बाहर निकल गई।

ग्रामीणों ने शव को पेड़ पर लटका देखा

कुछ दूरी पर स्थित नदी किनारे लगे एक पेड़ में महिला ने अपने दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। उसी समय वहां मवेशी चरा रहे ग्रामीणों ने महिला का शव पेड़ से लटकता हुआ देखा और तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। परिजनों ने बताया कि लगातार बढ़ते दर्द और परेशानी के कारण ही रोशनी ने यह कदम उठाया।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us