SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » हत्या या आत्महत्या: दो दिन से लापता अधेड़ का शव कुएं से किया बरामद, गले में बंधे थे 20 किलो के पत्थर

हत्या या आत्महत्या: दो दिन से लापता अधेड़ का शव कुएं से किया बरामद, गले में बंधे थे 20 किलो के पत्थर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जिले के करनपठार थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी चक्कीटोला गांव में शनिवार को दो दिन से लापता 48 वर्षीय अधेड़ का शव एक कुएं से बरामद किया गया। मृतक के गले में गमछे से करीब 20 किलोग्राम वजन के पत्थर बंधे मिले। इस स्थिति को देखकर ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने हैरानी जताई। परिजनों ने घटना को लेकर संदेह व्यक्त किया है, उन्होंने किसी से विवाद या दुश्मनी होने से इनकार किया है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान रमेश सिंह पिता लामू सिंह निवासी देवरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रमेश सिंह 15 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसका खेत घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर नर्मदा नदी के किनारे स्थित है। परिजनों के मुताबिक, वह अक्सर शाम या रात तक घर लौट आता था, लेकिन उस दिन वापस नहीं आया। पहले परिजनों को लगा कि वह रात में लौट आएगा, लेकिन अगले दिन भी उसका कोई पता नहीं चला।

कुएं के पास मिला जूता और पैनारी

रमेश के नहीं मिलने पर परिजनों ने खेत और नदी किनारे उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद 16 अक्टूबर की रात करनपठार थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। शनिवार सुबह मृतक का बड़ा भाई फिर से तलाश करने खेत की ओर निकला। इसी दौरान घर से करीब तीन किलोमीटर दूर किसान शिवचरण सिंह गोंड के खेत में बने कुएं के पास उसे रमेश का जूता और मवेशियों को हांकने के काम आने वाली पैनारी दिखाई दी। इन वस्तुओं को देखकर बड़े भाई को आशंका हुई कि रमेश कुएं में गिर गया होगा। उसने तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। कुएं में पानी अधिक होने के कारण शव की तलाश के लिए जिला मुख्यालय अनूपपुर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई।

20 फीट गहरे कुएं से निकाला शव

एसडीआरएफ के प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची। शनिवार को रेस्क्यू अभियान चलाकर लगभग 20 फीट गहरे पानी से शव बाहर निकाला। शव के गले में गमछा लिपटा था, जिससे करीब 20 किलोग्राम वजन के तीन पत्थर बंधे हुए थे। एक छोर पर लगभग 10 किलोग्राम तथा दूसरे छोर पर करीब 5-5 किलोग्राम के दो पत्थर बंधे मिले।

एसडीआरएफ प्रभारी राम नरेश भवेदी के अनुसार, शव करीब दो दिनों से पानी में रहने के कारण फूल गया था। पत्थर बंधे होने के कारण शव पानी की सतह पर नहीं आ पाया और नीचे दबा रहा। कुएं के पानी की ऊपरी सतह पर अधिक बुलबुले दिखाई देने के बाद अंदर शव होने का संदेह भी हुआ। रेस्क्यू अभियान में सैनिक अनुज कुमार, सुनील सिंह, प्रहलाद सिंह, बालेन्द्र कुमार, शिवप्रताप, धन सिंह और बृजभान सिंह शामिल रहे। शव को बाहर निकालने के बाद एसडीआरएफ टीम ने उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी स्थिति

विवेचक एसआई धनेश्वर पटेल के अनुसार, पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए बेनीबारी स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रमेश सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। उन्होंने गांव में किसी से विवाद या दुश्मनी होने की जानकारी से भी इनकार किया है। कुएं में शव मिलने और गले में पत्थर बंधे होने की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us