श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। नौकरी की तलाश में जबलपुर आई 28 वर्षीय परित्यक्ता ने निजी फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। गोरखपुर पुलिस ने कांचघर निवासी आरोपित सचिन गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति से अनबन के बाद आई थी जबलपुर
महिला की अपने पति से अनबन चल रही थी और मामला तलाक के आवेदन तक पहुंच गया था। पति की प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपने बेटे की बेहतर परवरिश और नौकरी की तलाश में जबलपुर आई थी। इसी दौरान नेपियर टाउन स्थित एक फाइनेंस कंपनी में उसकी मुलाकात प्रबंधक सचिन से हुई।
महिला के अनुसार सचिन ने उससे प्रेम और विवाह की इच्छा जताई। उसने कहा कि पति से तलाक होने के बाद वह उससे शादी करेगा। वर्ष 2022 में महिला का तलाक होने के बाद सचिन ने उसे गौरीघाट मार्ग पर किराए का मकान दिला दिया। वह उसे पत्नी की तरह उसी मकान में रखने लगा।
आरोप है कि जल्द शादी का वादा कर सचिन ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। जब भी महिला शादी की बात करती तो वह टालमटोल कर देता और घरवालों से बात कर तारीख तय करने का आश्वासन देता रहा।
चार अक्टूबर को शादी से किया इनकार
पुलिस के मुताबिक गत माह महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि चार अक्टूबर को सचिन ने फोन पर उसके साथ अभद्रता की, उसके चरित्र पर सवाल उठाए और शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद परेशान महिला ने गोरखपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।












