SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » लाड़ली बहना: सीएम ने खातों में भेजे 1836 करोड़ रुपये, बोले-कांग्रेसियों को बहन-बेटियों के सम्मान की चिंता नहीं

लाड़ली बहना: सीएम ने खातों में भेजे 1836 करोड़ रुपये, बोले-कांग्रेसियों को बहन-बेटियों के सम्मान की चिंता नहीं

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उमरिया जिले के गुरुवाही में आयोजित लाड़ली बहना योजना सम्मेलन के दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500-1500 रुपये के मान से कुल 1836 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि अंतरित की। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाएं, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर यह राशि सीधे बहनों के खातों में भेजी और कहा कि सरकार महिलाओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।

कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता लगातार यह सवाल उठाते हैं कि राज्य सरकार बहनों के खातों में इतनी राशि क्यों भेजती है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता यह आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं कि आदिवासी बहनें इस योजना से मिलने वाले पैसे से शराब पी लेती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों से साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस के नेताओं को प्रदेश की बहन-बेटियों के मान-सम्मान की कोई चिंता नहीं है।

महिला सशक्तीकरण पर बल

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहन-बेटियों से ही पूरे घर की शोभा और रौनक होती है। महिलाओं का सम्मान करना तथा उनका आर्थिक सशक्तीकरण करना वर्तमान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता देकर उन्हें वित्तीय रूप से स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
विकास कार्यों की बड़ी सौगात

गुरुवाही में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उमरिया जिले को विकास की कई बड़ी सौगातें भी दीं। उन्होंने कुल 14,415.93 लाख रुपये की लागत वाले 136 विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 8,731.55 लाख रुपये की लागत के 68 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा उन्होंने 5,684.41 लाख रुपये की लागत वाले 68 नए कार्यों का भूमिपूजन भी संपन्न किया। इन सभी विकास परियोजनाओं के माध्यम से जिले में विभिन्न निर्माण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us