श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले के बुढ़ार नगर में धार्मिक तस्वीर तोड़ने के आरोप को लेकर विवाद गहरा गया है। वार्ड-9 स्थित नेहरू पार्क के दुर्गा स्टेज पर हुई घटना के विरोध में रविवार देर शाम को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बुढ़ार थाने पहुंचे। यहां लोगों ने थाना परिसर में बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने नगर परिषद उपाध्यक्ष शेखर चौधरी समेत अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, घटना 10 अक्टूबर की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच की बताई गई है। आरोप है कि दुर्गा स्टेज पर पहुंचकर नगर परिषद उपाध्यक्ष शेखर चौधरी ने दीवार पर लगी भगवान की तस्वीर को निकालकर जमीन पर पटक दिया, जिससे तस्वीर खंडित हो गई। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित होने की बात भी सामने आई है। इस घटनाक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
घटना के विरोध में रविवार को सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक और धर्मप्रेमी बुढ़ार थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने थाना परिसर में बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। उन्होंने धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने के आरोप में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। करीब दो घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच करने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग रखी।
इस मामले में अजय नारायण पाठक सहित अन्य लोगों की ओर से शिकायत की गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नगर परिषद उपाध्यक्ष शेखर चौधरी समेत अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। बुढ़ार थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रों ने बताया कि भगवान की तस्वीर तोड़ने और धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने के मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










