SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » उमरिया: हॉस्टल में 10 साल की छात्रा से मारपीट का आरोप, इमला लिखने में गलती पर डंडे से पीटा,जांच में जुटी पुलिस

उमरिया: हॉस्टल में 10 साल की छात्रा से मारपीट का आरोप, इमला लिखने में गलती पर डंडे से पीटा,जांच में जुटी पुलिस

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  छात्रावास में रहने वाली 10 वर्षीय छात्रा ने कोचिंग पढ़ाने आने वाली मैडम पर डंडे से मारपीट करने का आरोप लगाया है। छात्रा के मुताबिक इमला लिखने में गलती होने पर उसके घुटनों के पीछे मारा गया। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बच्चों को बेहतर शिक्षा देने और सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कराने के उद्देश्य से छात्रावासों का संचालन किया जाता है लेकिन पढ़ाई के दौरान गलती होने पर बच्चों के साथ मारपीट के आरोप सामने आएं तो यह चिंता का विषय बन जाता है। उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां छात्रावास में रहकर कक्षा पांचवीं में पढ़ाई करने वाली 10 वर्षीय छात्रा ने कोचिंग पढ़ाने आने वाली मैडम पर डंडे से मारपीट करने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घुटनों के पीछे डंडे से मारने का आरोप

प्राप्त शिकायत के अनुसार ग्राम कठई निवासी 10 वर्षीय छात्रा खिचकिड़ी छात्रावास में रहकर कक्षा पांचवीं की पढ़ाई कर रही है। छात्रा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि छात्रावास में बच्चों को कोचिंग पढ़ाने आने वाली मैडम बच्चों को इमला लिखवा रही थीं। इसी दौरान लिखने में उससे कुछ गलतियां हो गईं। छात्रा का आरोप है कि गलतियां होने पर मैडम ने डंडे से उसके दोनों पैरों के घुटनों के पीछे की तरफ मारा। शिकायत के मुताबिक घटना के समय उसके साथ पढ़ने वाली अन्य लड़कियां भी मौजूद थीं, जिन्होंने इस मारपीट को देखा।

छात्रा ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि उसके साथ पहले भी मारपीट की गई थी। हालांकि उस समय उसने घर पर इस घटना की जानकारी नहीं दी थी। बाद में हुई मारपीट के बाद छात्रा ने अपनी मां को फोन करके अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। जानकारी मिलने के बाद छात्रा की मां, दादी और मामा उसे लेने पहुंचे। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर पाली थाने पहुंचे, जहां उसने पुलिस को अपनी शिकायत दी और संबंधित टीचर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। मामले को लेकर पाली थाना प्रभारी गोविंद सिंह धुर्वे ने बताया कि शिकायत के संबंध में जांच जारी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us