श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुरः बिजुरी थाना बिजुरी क्षेत्र से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से छत्तीसगढ़ के पेंड्रा से सकुशल बरामद कर लिया। वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बालिका को सुरक्षित उसके स्वजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार चार अक्टूबर को कुरजा निवासी महिला ने थाना बिजुरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 16 वर्षीय बेटी 3 अक्टूबर को बिना बताए घर से चली गई है। रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। स्वजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बिजुरी ने तत्काल विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने साइबर सेल की सहायता से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बालिका की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को बालिका के छत्तीसगढ़ के पेंड्रा क्षेत्र में होने की जानकारी मिली, जहां से उसे सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बालिका को उसके स्वजनों को सौंप दिया गया।










