श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। मंसूरी पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे अर्टिगा और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों में सवार करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल उमरिया पहुंचाया गया। यहां सभी घायलों का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, अर्टिका वाहन में लोरहा निवासी प्रकाश यादव, गोलू यादव और रघु यादव सवार थे। हादसे में तीनों घायल हुए हैं। वहीं दूसरी ओर बोलेरो वाहन कटनी से बिरसिंहपुर की ओर जा रहा था।
इसमें पाली निवासी केदार सराफ, सुशील सोनी और राजेश कोल सवार बताए जा रहे हैं। ये सभी भी दुर्घटना में घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के कारणों का नहीं चला पता
हादसा हाईवे के उस स्थान पर हुआ, जिसे क्षेत्र में एक्सीडेंटल पॉइंट के तौर पर जाना जाता है। दोनों वाहनों के बीच टक्कर किस वजह से हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत संभवत: चालकों की चूक के कारण हुई।
हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटाई। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए मौके पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।













