श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः नगर के वार्ड क्रमांक 29 में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी ने सोमवार को वार्ड का मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड पार्षद शक्ति लक्ष्यकार के साथ चौधरी मोहल्ले का भ्रमण कर सड़क एवं नाली व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वार्डवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सीएमओ को क्षेत्र में सड़क एवं नाली से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया।
नागरिकों ने बताया कि लंबे समय से सड़क एवं जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं में कमी आई है, जिनका शीघ्र निराकरण आवश्यक है। सीएमओ ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्य नगर
पालिका अधिकारी ने सड़क एवं नाली से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लेने का निर्देश दिया। उन्होंने सब इंजीनियर शरद द्विवेदी को क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार कार्यों का प्राक्कलन तैयार करने के लिए कहा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि प्रस्ताव तैयार करते समय क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर सड़क और जल निकासी की सुविधा मिल सके।
सीएमओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्डवासियों से प्राप्त समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मौके पर मौजूद नागरिकों से क्षेत्र की अन्य समस्याओं की जानकारी भी ली और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान वार्ड पार्षद शक्ति लक्ष्यकार, मनोनीत पार्षद विनय केवट, निकाय कर्मचारी एवं सब इंजीनियर शरद द्विवेदी उपस्थित रहे।










