श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुरः कोतवाली थाना अनूपपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत पसला के राठौर मोहल्ला में रविवार देर शाम मवेशी बांधने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 64 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मवेशी के गले में बंधी लंबी रस्सी महिला के गले और शरीर में उलझकर कस गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद महिला का शव रातभर खेत के पास पड़ा रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार पसला के राठौर मोहल्ला निवासी 64 वर्षीय रामकली राठौर पति स्वर्गीय बाबूलाल राठौर घर में अकेली रहती थीं। रविवार की देर शाम वह घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित अपने खेत में मवेशियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर बांधने के लिए गई थीं।
इसी दौरान एक मवेशी के गले में बंधी लंबी रस्सी लेकर वह उसे पकड़कर बांधने का प्रयास कर रही थीं। इसी बीच मवेशी के भागने से रस्सी रामकली के गले और शरीर के अन्य हिस्सों में उलझकर कस गई। रस्सी में बुरी तरह फंसने के कारण वह खुद को छुड़ा नहीं सकीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सुनसान स्थान होने के कारण घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं हो सकी और उनका शव पूरी रात वहीं पड़ा रहा। बताया गया मृतका का पुत्र एक दिन पूर्व किसी काम से बाहर गया हुआ था। सोमवार सुबह पसला स्थित घर लौटने पर उसे मां दिखाई नहीं दीं। इसके बाद उसने आसपास खोजबीन शुरू की। घर से करीब 500 मीटर दूर खेत के पास सुनसान स्थान पर रामकली राठौर मृत अवस्था में मिलीं।










