श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- केशवाही वन क्षेत्र में मवेशी चराते समय 73 वर्षीय छत्रधारी साहू का सामना दो शावकों के साथ घूम रही मादा भालू से हो गया। भालू के हमले में गंभीर घायल बुजुर्ग की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना केशवाही वन परिक्षेत्र के बीट कुडेली स्थित कक्ष क्रमांक आरएफ-1005 की है। बताया गया कि कुछ लोग जंगल क्षेत्र में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान दो शावकों के साथ विचरण कर रही मादा भालू का सामना मवेशी चरा रहे लोगों से हो गया। भालू को देखते ही दो लोग अपने मवेशियों के साथ पीछे हट गए लेकिन 73 वर्षीय छत्रधारी साहू, निवासी ग्राम कुडेली, वहीं रह गए। इसी दौरान मादा भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाकर भालू को भगाने का प्रयास किया। हल्ला सुनकर मादा भालू अपने दोनों शावकों के साथ जंगल की ओर भाग गई लेकिन तब तक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।
बता दें कि केशवाही वन क्षेत्र में भालू के हमले की यह पहली घटना नहीं है। फरवरी 2026 में भी मवेशी चराने के दौरान भालू के हमले में एक महिला की मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। रेंजर ने बताया कि कुडेली और मझटोलिया क्षेत्र में भालू का विचरण अधिक है। हालांकि वन परिक्षेत्र के अन्य हिस्सों में भी भालू की मौजूदगी रहती है।
उन्होंने बताया कि शावकों के साथ रहने वाली मादा भालू खतरा महसूस होने पर बेहद आक्रामक हो सकती है। ऐसे में अचानक सामना होने पर उसका हमला जानलेवा साबित हो सकता है।














