श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- विदिशा: रक्षाबंधन की खुशियों के बीच एक परिवार में उस समय मातम पसर गया, जब बेटी को रेलवे स्टेशन छोड़कर घर लौटे पति के सामने पत्नी फंदे पर लटकी मिली। घटना रविवार दोपहर बाद की है। मृतिका की पहचान पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक हरिशंकर शर्मा की पत्नी रितु शर्मा (43) के रूप में हुई है। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया।
बेटी को स्टेशन छोड़कर घर लौटे तो उड़े होश
जानकारी के अनुसार रितु शर्मा की बेटी रक्षाबंधन का त्योहार मनाने घर आई थी। रविवार को उसे भोपाल वापस जाना था। सुबह से ही रितु बेटी की तैयारियों में लगी थीं। दोपहर बाद पति हरिशंकर बेटी को रेलवे स्टेशन छोड़ने चले गए। करीब आधे घंटे बाद जब वे वापस घर पहुंचे तो पत्नी को फंदे पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल रितु को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मानसिक अवसाद से थीं परेशान
परिवार के लिए यह घटना इसलिए भी स्तब्ध करने वाली है, क्योंकि कुछ देर पहले तक घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं। बताया जा रहा है कि रितु पिछले कुछ समय से मानसिक अवसाद से परेशान थीं और उनका उपचार भी चल रहा था। पिछले करीब एक सप्ताह से उनकी तबीयत भी ठीक नहीं थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
इसके बावजूद वह ऐसा कदम उठा लेंगी, इसका किसी को अंदाजा नहीं था। सिविल लाइन थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन ने बताया कि घटना रविवार दोपहर बाद की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।











