श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया के इंदवार थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर स्कूल में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों के आरोपी सहायक शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उमरिया से बाहर भागने की कोशिश में था। न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत सुलतानपुर शासकीय प्राथमिक स्कूल में छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे सहायक शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शिक्षक गिरफ्तारी से बचने के लिए उमरिया जिले से बाहर निकलने की कोशिश में था। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उसे देर रात करीब 2 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक पर स्कूल में पढ़ने वाली कुछ छात्राओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे। मामले की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी शिक्षक पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए फरार हो गया था।
छात्राओं से संबंधित होने के कारण यह मामला बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के साथ ही मामले से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों को जुटाने में लगी है। जांच के दौरान सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











