श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरियाः रविवार की रात बांधवगढ़ के ग्राम कसेरू में एक जंगली हाथी पहुंच गया। जंगली हाथी ने गांव के खेत को अपना निशाना बनाया और फसल को बर्बाद करने – लगा। हालांकि ग्रामीणों की सजगता से जंगली हाथी कुछ ही देर में वहां से वापस जंगल की दिशा में चला गया। बताया गया है कि कुछ खेतों में फसलों का नुकसान हुआ है पर नुकसान बहुत ज्यादा नहीं बताया गया है।
ग्राम के किसी व्यक्ति को भी जंगली हाथी की वजह से कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि गांव के पास जंगली हाथी कि सक्रियता से गांव के लोगों में भय बना हुआ है और वे सतर्कता भी बरत रहे हैं। वन विभाग के लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर गांव के लोगों को समझाइश दी है।
सामान्य बने हुए हैं जंगली हाथी :
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में जंगली हाथी पूरी तरह से सामान्य बने हुए हैं। शुरू में जरूर उन्होंने आसपास के गांव में लोगों को भारी नुकसान पहुंचाया था लेकिन अब लंबे समय से जंगली हाथियों द्वारा लोगों को नुकसान पहुंचाने की खबर बहुत कम आ रही है।
दरअसल जंगल में बसने के बाद हाथी अपने लिए भोजन की तलाश में सफल हो गए हैं और जंगल में आने वाले पर्यटकों को देखकर भी वे सहज हो गए हैं। यही कारण है कि बांधवगढ़ के जंगली हाथी अपनी आक्रामकता बहुत कम दिखाते हैं।












