श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम नगनौड़ी में एक 45 वर्षीय महिला ने झापर नदी के पार स्थित बगीचे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद शव को नदी पार कर मुख्य मार्ग तक पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर लाए।
बाढ़ के कारण वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाया
पहचान राजवती बैगा पत्नी कामता बैगा निवासी ग्राम नगनौड़ी के रूप में हुई है। महिला ने गांव के पास बहने वाली झापर नदी के दूसरी ओर स्थित बगीचे में आत्महत्या की। नदी में बाढ़ के कारण वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाया।
पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों को पैदल नदी पार करनी पड़ी
ग्रामीणों के अनुसार घटना स्थल गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर था। बाढ़ के कारण पुलिस को घटनास्थल से एक किलोमीटर पहले ही वाहन रोकना पड़ा, जिसके बाद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों को पैदल नदी पार करनी पड़ी।
शव को गांव की ओर लाने में हुई कठिनाई
शव को गांव की ओर लाने में भी कठिनाई हुई, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से शव को नदी पार कराया। ग्रामीणों ने बताया कि नदी के दूसरी ओर कई लोगों की खेती की जमीन है, जिससे सामान्य दिनों में नदी पार आना-जाना होता है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
गांव तक का मार्ग वर्तमान में बाढ़ के कारण यह जोखिम भरा था। महिला ने आत्महत्या का कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












