श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- अनूपपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नार्कोस के तहत निगौरा रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की गई।
वेष बदलकर गांजे की तस्करी
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त सौरव कुमार के नेतृत्व में गठित टास्क टीम ने वेष बदलकर गांजे की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से कुल 15.540 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.77 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किया गया।
निगौरा रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में पकड़ा
24 अगस्त की रात करीब 1:15 बजे सहायक उप निरीक्षक अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में आरपीएफ टास्क टीम निगौरा रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की जांच कर रही थी।
पकड़े गए आरोपितों में पंजाब के दो युवक
पकड़े गए आरोपितों में हंसा नाथ (40) और मनता नाथ उर्फ लंबू (39), निवासी जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई। तलाशी के दौरान हंसा नाथ से 7.280 किलोग्राम तथा मनता नाथ से 8.260 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
जैतहरी पुलिस करेगी आगे की कार्रवाई
आरपीएफ ने दोनों आरोपितों को बरामद गांजे सहित आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस थाना जैतहरी के सुपुर्द कर दिया है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू
जैतहरी पुलिस ने धारा 8/20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपितों से गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और इसके स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है।












