श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- अनूपपुर। जिले के जैतहरी वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुसुम्हाई जंगल में विचरण कर रहे दो हाथियों ने सोमवार को द्वाही बांध को क्षतिग्रस्त कर दिया। बांध टूटने के बाद उसमें जमा पानी तेज बहाव के साथ आसपास के खेतों में फैल गया और सोन नदी की ओर बह निकला। पानी के तेज बहाव से करीब 40 से 50 किसानों के खेतों की मेढ़ें बह गईं, वहीं धान की फसल को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
राजस्व विभाग को भी सूचना
ग्राम पंचायत पचौहा के सरपंच राय सिंह ने घटना की जानकारी जैतहरी वन परिक्षेत्र के कुसुम्हाई बीट गार्ड कोमल सिंह को दी। इसके साथ ही राजस्व विभाग को भी सूचना दी गई है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों हाथी पिछले दो दिनों से कुसुम्हाई के जंगल में डेरा डाले हुए थे।
हाथियों के बांध पर पहुंचते ही मिट्टी धंसने लगी
सोमवार दोपहर दोनों हाथी बांध के नीचे बने एक बड़े गड्ढे में करीब एक घंटे तक नहाते रहे। इसके बाद वे बांध की ओर बढ़े। हाथियों के बांध पर पहुंचते ही मिट्टी धंसने लगी।
हाथियों की मौजूदगी और टूटे बांध को लेकर सतर्क
बांध टूटने से किसानों के खेतों की मेढ़ें बह गई हैं। खेतों में पानी भरने और धान की फसल को नुकसान होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बांध की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है। घटना के बाद दोनों हाथी कुसुमहाई के जंगल की ओर चले गए हैं, जबकि ग्रामीण हाथियों की मौजूदगी और टूटे बांध को लेकर सतर्क हैं।
सरपंच राय सिंह के मुताबिक द्वाही बांध वन विभाग के क्षेत्र में करीब 50-60 वर्ष पुराना है। बरसाती पानी को रोकने के लिए इसे लगभग 1500 मीटर क्षेत्र में बनाया गया था। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने और लगातार बारिश के कारण बांध पहले से कमजोर रहा होगा। संभवतः उसमें दरारें या सुराख बन गए थे, जिसके चलते हाथियों के दबाव के साथ कमजोर हिस्सा धंस गया और पानी के दबाव से बांध टूट गया।
बछिया की अज्ञात कारण से मौत
कोतमा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक एक स्थित फिल्टर टोला के सामने एक बछिया को अज्ञात जहरीले जीव के काटने की आशंका के बाद उपचार के मौत होने की जानकारी सामने आई है।
नपा स्वास्थ्य टीम मौके पर पहुंची
नपा सफाई मैट शिवराज के अनुसार आंगनवाड़ी के सामने वार्डवासियों ने बछिया के तड़पने और उसके मुंह से झाग निकलने की सूचना दी थी। नपा स्वास्थ्य टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ देर तक चले उपचार के दौरान मौत हो गई।












