SUBSCRIBE NOW

Home » राज्य » सीधी में नदी के तेज बहाव में 11 फीट लंबा तो उमरिया में पुल पर आया मगरमच्छ, गांव के पास दिखने से लोग डरे

सीधी में नदी के तेज बहाव में 11 फीट लंबा तो उमरिया में पुल पर आया मगरमच्छ, गांव के पास दिखने से लोग डरे

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :-   जबलपुर। सीधी के अमरपुर गांव में पिछले तीन महीने से दहशत फैला रहा 11 फीट लंबा नर मगरमच्छ पकड़ा गया है। वन विभाग और घड़ियाल अभयारण्य की संयुक्त टीम ने शनिवार दोपहर करीब 1 बजे रेस्क्यू अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ा।

गांव के बच्चों, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों में डर का माहौल

मर्सरहा घाट स्थित सोन नदी में छोड़ दिया गया। यह मगरमच्छ अमरपुर और आसपास के रोजहा क्षेत्र में कई दिनों से देखा जा रहा था। यह अक्सर एक तालाब में रहता था और कई बार रिहायशी इलाकों के करीब भी पहुंच जाता था। इसकी मौजूदगी से गांव के बच्चों, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों में डर का माहौल था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत वन विभाग के कंट्रोल रूम में दर्ज कराई थी।

naidunia_image

मगरमच्छ ने छोटे मवेशियों को अपना शिकार बनाया

ग्रामीण राकेश सोनी ने बताया कि मगरमच्छ के गांव के पास दिखने से लोग डरे हुए थे। जब बच्चे या ग्रामीण उसके करीब जाते थे, तो वह उनकी ओर बढ़ने की कोशिश करता था। हालांकि, इस दौरान किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। ग्रामीणों के मुताबिक, मगरमच्छ ने छोटे मवेशियों को अपना शिकार बनाया था।

मगरमच्छ की पुष्टि होने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया

शिकायतों के बाद वन मंडल सीधी और घड़ियाल अभयारण्य की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया। मगरमच्छ की पुष्टि होने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इस दल में वनपाल पंकज मिश्रा, वनरक्षक जोखी लाल प्रजापति, परशुराम पठारी, दीपक पनिका और तीरथ यादव शामिल थे। टीम ने सावधानी बरतते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ा।

वनपाल पंकज मिश्रा ने पुष्टि की कि ग्रामीणों की शिकायतें सही पाई गईं। इसके बाद टीम ने मगरमच्छ का रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया कि मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास सोन नदी के मर्सरहा घाट में सुरक्षित छोड़ दिया गया है

उमरिया के सेमरा गांव में घुसा मगरमच्छ

उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर रेंज अंतर्गत सेमरा गांव में एक मगरमच्छ के आ जाने की घटना घटित हुई। बरसाती नाले के उफान के कारण मगरमच्छ गांव के बाहरी नाले के पुल पर आ गया था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन को दी।

सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही मानपुर रेंज के रेंज अधिकारी के निर्देशन में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों की मदद से बिना किसी नुकसान के मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ा। प्राथमिक जांच के बाद उसे सोन नदी में छोड़ दिया गया है।

जीव दिखने पर खुद पकड़ने का प्रयास न करें

रेंज अधिकारी ने बताया कि बारिश में अक्सर जल स्तर बढ़ने से मगरमच्छ और अन्य जलीय जीव नालों के रास्ते गांव की तरफ आ जाते हैं। ग्रामीणों से अपील है कि ऐसा जीव दिखने पर खुद पकड़ने का प्रयास न करें और तुरंत बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन को सूचना देवें। ग्रामीणों ने 5 घंटे के अथक प्रयासों से रेस्क्यू कार्रवाई के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व टीम का आभार व्यक्त किया।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us