श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- झाबुआ जिले के रायपुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम देवली में कुएं के पास एक नवजात शिशु लावारिस हालत में रोता हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर टीआई गीता जाटव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और नवजात को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चा फिलहाल सुरक्षित और उसकी हालत स्थिर है। p
ग्राम देवली निवासी श्रवण तेजा पशुओं के लिए चारा लेने के लिए भूरीघाटी रोड की तरफ गया था। इसी दौरान उसने रमेश भागीरथ के कुएं के पास से किसी नवजात के रोने की आवाज सुनी। आवाज सुनकर वह घबरा गया और तुरंत कुएं के मालिक को सूचना दी कि उनके कुएं के पास कोई बच्चा रो रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इसके बाद ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि नंदू भाभर को इसकी सूचना दी गई, जिन्होंने तुरंत रायपुरिया पुलिस को इस घटना से अवगत कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रायपुरिया थाना प्रभारी (टीआई) गीता जाटव दल-बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बिना देर किए नवजात शिशु को अपनी कस्टडी में लिया और अपने निजी/शासकीय वाहन से सुरक्षित सिविल अस्पताल पहुंचाया।
सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, मिला हुआ नवजात एक लड़का है। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है, लेकिन बेहतर इलाज और निगरानी के लिए उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया जा रहा है।रायपुरिया टीआई गीता जाटव ने बताया, ‘हमने बच्चे को तुरंत अस्पताल लाकर भर्ती करवा दिया है।












