SUBSCRIBE NOW

Home » ताजा खबर » मंडला में नर्मदा समेत कई नदियां उफान पर, पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ भी अलर्ट पर

मंडला में नर्मदा समेत कई नदियां उफान पर, पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ भी अलर्ट पर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  मंडला। जिले में सावन माह की झमाझम बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बीती रात से शुरू हुई बारिश रविवार दोपहर बाद तक जारी रही। लगातार बारिश के चलते नर्मदा सहित जिले की सहायक नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और कई नदी-नाले उफान पर आ गए।

जिले के कई प्रमुख और ग्रामीण मार्गों पर आवागमन प्रभावित

बाढ़ जैसे हालात बनने से जिले के कई प्रमुख और ग्रामीण मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। नदी-नालों के उफान पर आने से मंडला-डिंडौरी मार्ग और मंडला से कान्हा जाने वाले मार्ग समेत कई ग्रामीण मार्गों पर आवागमन बाधित रहा। इसी तरह रामनगर में नर्मदा पुल में करीब आठ फिट पानी रहने से मार्ग पूर तरह बंद रहा।

नर्मदा का जलस्तर बढ़ा, तटों पर पहुंचते रहे लोग

लगातार बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर भी बढ़ता गया। नर्मदा का छोटा पुल डूबने और जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी उफान पर रही। नर्मदा में बढ़ते पानी और बाढ़ का नजारा देखने के लिए लोग नदी तटों पर पहुंचते रहे। हालांकि प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहीं। पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीमें अलर्ट मोड पर रहीं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई।

नर्मदा, बंजर और सुरपन सहित जिले की तमाम नदियों में जलस्तर बढ़ा

समाचार लिखे जाने तक नर्मदा, बंजर और सुरपन सहित जिले की तमाम नदियों में जलस्तर बढ़ा हुआ था। बताया गया कि डिंडौरी जिले के क्षेत्र में अधिक बारिश के कारण नर्मदा का जलस्तर बढ़ा है। वहीं बालाघाट जिले में भी अच्छी बारिश होने से बंजर नदी उफान पर रही। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा अमला स्थिति पर नजर बनाए हुए है। नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव वाले रास्तों पर अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की जा रही है।

किसानों को मिली राहत, सब्जियों की फसल डूबी

लगातार बारिश से जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है। बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से किसानों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। किसानों को उम्मीद है कि पर्याप्त नमी मिलने से खरीफ फसलों को फायदा होगा।हालांकि सिंगारपुर क्षेत्र में सब्जी की खेती करने वाले कुछ किसानों के लिए लगातार बारिश परेशानी लेकर आई। अधिक पानी भरने से सब्जियों के खेत डूब गए हैं, जिससे फसल को नुकसान होने की आशंका है।

ये मार्ग रहे बंद

पादरी पटपरा से रामनगर मार्ग में पुल के ऊपर पानी है। जिससे मार्ग अवरुद्ध है। घुघरी ब्लाक में मलवाथर नाला,पांडिकला नाला,गुरबनी नाला,छतरपुर नाला में बाढ़ होने से मार्ग बंद है। इसी तरह मंडला डिंडौरी मार्ग के बीच मोहगांव में नाला में बाढ़ से मार्ग है। कान्हा टाइगर रिजर्व जाने वाला मार्ग भी बंजर नदी में बाढ़ से बंद है।

59.3 मिमी वर्षा हुई जिले में

9 अगस्त को जिले में औसतन 59.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। तहसीलवार मंडला में 44.0 मिमी, नैनपुर में 84.8 मिमी, बिछिया में 56.4 मिमी, निवास में 68.2 मिमी, घुघरी में 31.1 मिमी और नारायणगंज में 71.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में संचयी वर्षा 1,153.8 मिमी थी, जबकि इस वर्ष अब तक 622.9 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। जिले की वार्षिक औसत वर्षा 1,326.2 मिमी तथा जिला मुख्यालय मंडला की वार्षिक औसत वर्षा 1,442.6 मिमी बताई गई है।

 

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us