श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के अमलाई थाना क्षेत्र में रविवार को तालाबनुमा गड्ढे में नहाने के दौरान दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। विवेक सिंह गोंड डूबने लगा तो छोटा भाई बारिश सिंह गोंड उसे बचाने पानी में कूदा, लेकिन दोनों की जान चली गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
अमलाई थाना क्षेत्र के गाड़ाघाट के पास स्थित दफाई में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। तालाबनुमा गड्ढे में नहाने के दौरान दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अमलाई थाना क्षेत्र के पुरानी अमराडंडी निवासी विक्रम सिंह गोंड के दो बेटे विवेक सिंह गोंड (14) और बारिश सिंह गोंड (10) रविवार को खेलते-खेलते गाड़ाघाट के पास दफाई स्थित तालाबनुमा गड्ढे के पास पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दोनों भाई गड्ढे में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान बड़ा भाई विवेक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
घटना की जानकारी अमलाई पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। दोनों बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि दो सगे भाइयों की पानी में डूबने से मौत हुई है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच कर रही है।









