श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- उमरिया। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अपनी बाघों की मौजूदगी के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है, लेकिन यहां की रातें कई ऐसे रहस्यों को भी समेटे रहती हैं जिन्हें देख पाना बेहद दुर्लभ होता है।
दुर्लभ जंगल कैट का रोमांचक दीदार हुआ
हाल ही में आधी रात के समय बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक दुर्लभ जंगल कैट का रोमांचक दीदार हुआ। वर्षा से भीगी घास के बीच छिपी यह शर्मीली वन्य बिल्ली अंधेरे में अपनी चमकती आंखों के साथ कुछ क्षणों के लिए दिखाई दी।
वन्यजीव प्रेमियों के लिए अविस्मरणीय दिया
चमकती आंखों ने वन्यजीव प्रेमियों के लिए इस पल को अविस्मरणीय बना दिया। इस बिल्ली को वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर चेतन घरपुरे ने अपने कैमरे में कैद कर लिया।
दुर्लभ क्षण
जंगल कैट अपनी सतर्क और एकांतप्रिय प्रकृति के कारण सामान्यतः आसानी से दिखाई नहीं देती। यह छोटे स्तनधारियों, पक्षियों और सरीसृपों का शिकार करने वाली एक कुशल शिकारी मानी जाती है।
खने का अवसर बेहद कम लोगों को मिल पाता
रात के सन्नाटे में इसका प्राकृतिक व्यवहार देखने का अवसर बेहद कम लोगों को मिल पाता है।
विशेष है बांधवगढ़
विशेषज्ञों का कहना है कि बांधवगढ़ केवल बाघों का ही नहीं, बल्कि अनेक दुर्लभ वन्यजीवों का भी सुरक्षित आवास है। रात के समय जंगल का वातावरण पूरी तरह बदल जाता है। पत्तों की सरसराहट, वन्यजीवों की आवाजें और अंधेरे में चमकती आंखें जंगल की एक अलग ही दुनिया का एहसास कराती हैं।
बांधवगढ़ की जैव विविधता कितनी समृद्ध है
वन्यजीव प्रेमियों का मानना है कि ऐसे दुर्लभ दृश्य यह संदेश देते हैं कि बांधवगढ़ की जैव विविधता कितनी समृद्ध है और इसके संरक्षण का महत्व कितना अधिक है।
लंबे समय तक याद रहने वाला अनुभव बन गई मुलाकात
जंगल की यह मध्यरात्रि मुलाकात लंबे समय तक याद रहने वाला अनुभव बन गई, जिसने एक बार फिर साबित किया कि बांधवगढ़ की असली खूबसूरती केवल दिन में नहीं, बल्कि रात की रहस्यमयी खामोशी में भी जीवंत रहती है।











