श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शहडोल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संतोष कुमार यादव को गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के चलते निलंबित कर दिया गया है।
भोपाल ने किया 1 जुलाई को निलंबन आदेश जारी
मप्र राज्य सहकारी बैंक मर्यादित भोपाल ने 21 जुलाई को निलंबन आदेश जारी कर उनका मुख्यालय संभागीय शाखा रीवा निर्धारित किया है। सीईओ का अतिरिक्त प्रभार कैडर अधिकारी एवं प्रबंधक (प्रशासन) जगदीश चन्द्र उईके को सौंपा गया है।
शिकायत पर गठित दो सदस्यीय जांच दल
भोपाल से जारी पत्र के अनुसार अधिवक्ता कुणाल ठाकुर की शिकायत पर गठित दो सदस्यीय जांच दल की अंतरिम रिपोर्ट में संतोष कुमार यादव को दोषी पाया गया है।
खली-चुनी के नाम पर राशि अपने खाते में ट्रांसफर कराई
जिला बैंक के नवनियुक्त समिति प्रबंधकों से कथित रूप से खली-चुनी के नाम पर राशि अपने खाते में ट्रांसफर कराने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
कदाचार, कथित जबरन वसूली के मामलों की जांच
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ईओडब्ल्यू रीवा द्वारा भी संतोष कुमार यादव के विरुद्ध वित्तीय धोखाधड़ी, पद के दुरुपयोग, आपराधिक कदाचार तथा कथित जबरन वसूली के मामलों की जांच की जा रही है।
जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की अंतिम पुष्टि
जांच के दौरान ईओडब्ल्यू ने 11 बिंदुओं पर दस्तावेज तलब किए हैं। इसमें सोसाइटी प्रबंधकों से कथित अवैध वसूली, नौरोजाबाद शाखा में गबन, बुढ़ार एवं केशवाही समितियों में वित्तीय अनियमितताएं तथा राजेंद्रग्राम से जुड़े मामलों के दस्तावेज शामिल हैं। विभागीय और ईओडब्ल्यू जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।







