श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल ने यात्रियों से अवैध वसूली करने वाले एक फर्जी टिकट परीक्षक (टीटीई) का पर्दाफाश करते हुए उसे रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
संयुक्त एवं गोपनीय अभियान के दौरान पकड़ा
सतर्कता विभाग, टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के संयुक्त एवं गोपनीय अभियान के दौरान आरोपित को काशी एक्सप्रेस से पकड़ा गया।
फर्जी सील, नकदी, फर्जी पहचान पत्र बरामद
कब्जे से फर्जी सील, नकदी, फर्जी पहचान पत्र और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। जबलपुर-इटारसी रेलखंड में जांच के दौरान दबोचे गए आरोपित को इटारसी स्टेशन पर जीआरपी के हवाले किया गया है।
लगातार शिकायतों पर अचानक की छानबीन
रेलवे को गत कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एक व्यक्ति लंबी दूरी की ट्रेनों के आरक्षित और अनारक्षित कोचों में स्वयं को टीटीई बताकर यात्रियों के टिकटों की जांच करता है।
एक संदिग्ध टीटीई के होने बात पता चली
सतर्कता विभाग, टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ की टीमों ने सतना से इटारसी रेलखंड तक कई रातों तक निगरानी अभियान चलाया। मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि लगभग दो बजे ट्रेन संख्या 15018 काशी एक्सप्रेस के सोहागपुर स्टेशन से रवाना होने के बाद उसमें एक संदिग्ध टीटीई के होने बात पता चली।
संदिग्ध व्यक्ति यात्रियों के टिकट जांचते हुए दिखाई दिया
जांच के दौरान ट्रेन के स्लीपर कोच (एस-वन) में एक संदिग्ध व्यक्ति यात्रियों के टिकट जांचते हुए दिखाई दिया। जांच दल ने उसकी गतिविधियों की पुष्टि करने के बाद उसे हिरासत में ले लिया।
फर्जी सील और यात्रियों से वसूली राशि जब्त
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर निवासी अरुण कुमार यादव (54) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से टिकटों पर लगाने के लिए उपयोग की जा रही दो फर्जी सीलें, यात्रियों से वसूले गए 35 सौ रुपये नकद, डब्ल्यूसीआरएमएस यूनियन का कार्ड बरामद हुआ।
पिस्टल जैसी दिखने वाली प्लास्टिक लाइटर
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर के नाम का पहचान पत्र, पिस्टल जैसी दिखने वाली प्लास्टिक लाइटर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित इन्हीं फर्जी दस्तावेजों और सीलों के सहारे खुद को अधिकृत रेलवे कर्मचारी बताकर यात्रियों को धोखा देता था।
इटारसी पहुंचने पर एफआइआर
जांच के दौरान आरोपित को चलती ट्रेन में जबलपुर-इटारसी रेलखंड पर मध्यरात्रि लगभग दो बजे दबोचा गया। तब सोहागपुर स्टेशन से रवाना होकर काशी एक्सप्रेस मुंबई की ओर जा रही थी। ट्रेन का अगला ठहराव इटारसी जंक्शन था।
भोपाल कमर्शियल कंट्रोल की सूचना दी
जबलपुर रेल मंडल की ओर से भोपाल कमर्शियल कंट्रोल की सूचना दी गई। इस पर ट्रेन के इटारसी पहुंचते ही आरोपित को आरपीएफ और जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया। उसके खिलाफ बुधवार को मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।






