SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » जैतपुर में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 210 घन मीटर अवैध भंडारण नष्ट; बिना नंबर का हाइवा मिला

जैतपुर में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 210 घन मीटर अवैध भंडारण नष्ट; बिना नंबर का हाइवा मिला

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  शहडोल के जैतपुर क्षेत्र में कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर खनिज, राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 210 घनमीटर अवैध रेत का भंडारण जेसीबी से नष्ट कर दिया।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक शहडोल के निर्देश पर रविवार को जैतपुर क्षेत्र में खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रेत के भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर करीब 210 घन मीटर अवैध रेत का भंडारण चिन्हित कर जेसीबी मशीन से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध हाइवा भी मिला, जिसके मालिक की तलाश की जा रही है।

संयुक्त टीम सबसे पहले ग्राम गलहता के डोंगरी टोला पहुंची, जहां साबीर खान के घर के पास करीब 30 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण मिला। टीम ने मौके पर जेसीबी से रेत का विनष्टीकरण कराया। वहीं पास में एक हाइवा कीचड़ में फंसा मिला, जिस पर कोई पंजीयन नंबर अंकित नहीं था। वाहन खराब हालत में मिला और चालक भी मौके से गायब था। प्रशासन ने वाहन मालिक की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहचान होने पर उसके खिलाफ अलग से प्रकरण दर्ज किया जाएगा।

इसके बाद ग्राम कामता स्थित शासकीय महाविद्यालय के पास 50 घन मीटर, झिरिया टोला के पास शासकीय भूमि पर 100 घन मीटर तथा ग्राम कोल्हुआ में 30 घन मीटर अवैध रेत का भंडारण मिला। सभी स्थानों पर जेसीबी से रेत नष्ट कर दी गई। झिरिया टोला में मिले भंडारणकर्ता की पहचान की जा रही है।
 
इस कार्रवाई के बीच स्थानीय लोगों ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जैतपुर क्षेत्र में लंबे समय से कुनुक नदी सहित अन्य स्थानों से अवैध रेत खनन और हाइवा वाहनों से परिवहन होता रहा है। उनका आरोप है कि स्थानीय पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में रही, जिससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद रहे।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि हाल ही में सोहागपुर पुलिस द्वारा जब्त किए गए एक हाइवा के चालक ने पूछताछ में बताया था कि वह कुनुक नदी से रेत लेकर आया था, जिसे जैतपुर के एक भाईजान की जेसीबी से लोड किया गया था।

पूरी कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जैतपुर, सहायक खनिज अधिकारी शहडोल एवं थाना प्रभारी जैतपुर के नेतृत्व में की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us