श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के ब्यौहारी में गुरुवार को भारत आदिवासी पार्टी और आजाद समाज पार्टी ने संयुक्त रूप से पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के विरोध में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की व्यवस्था तत्काल बंद करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की एथेनॉल मिश्रण नीति पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के उपयोग से वाहनों का माइलेज कम हो रहा है और इंजन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
वाहन मालिकों पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि एथेनॉल मिश्रण की वजह से वाहन रखरखाव की लागत बढ़ सकती है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन उपयोगकर्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उनका कहना था कि ईंधन की गुणवत्ता या प्रदर्शन में कमी का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ता है।
राष्ट्रपति के नाम दिया ज्ञापन
धरना समाप्त होने के बाद दोनों दलों के प्रतिनिधिमंडल ने तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की व्यवस्था पर रोक लगाने तथा आम उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
मांग पूरी नहीं हुई तो जनआंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो भारत आदिवासी पार्टी और आज़ाद समाज पार्टी संयुक्त रूप से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में दोनों दलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।







