श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र के दलदल गांव में मंगलवार सुबह एक 23 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान विशाल सोनकर के रूप में हुई है। परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोलकर जब यह खौफनाक मंजर देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
परिजन के मुताबिक, सोमवार रात को विशाल हमेशा की तरह खाना खाकर अपने कमरे में सोने गया था। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे तक जब वह नहीं उठा और काफी आवाज देने के बाद भी कमरे से कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजन को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने किसी तरह दरवाजा खोला तो देखा कि विशाल पंखे के हुक से फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
अक्सर गुमसुम रहता था युवक, पुलिस को आत्महत्या की आशंका
परिजन ने पुलिस को बताया कि विशाल उनके तीन बेटों में से एक था। वह पिछले कुछ समय से अक्सर घर में गुमसुम और शांत रहता था, लेकिन पूछने पर भी कभी अपनी परेशानी या किसी बात का खुलासा नहीं करता था। पुलिस की शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की खबर मिलते ही बिजुरी थाना प्रभारी विकास सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया। दोपहर में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस अब परिजनों और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।







