श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर में सोमवार देर रात एक चिकन शॉप संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
दुकान पर पहुंचकर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार रामपुर निवासी रज्जन कहार अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायर किया। इसके बाद उन्होंने रज्जन कहार पर दो गोलियां चला दीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल रज्जन को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
एक युवक पर संदेह, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में एक निजी कंपनी में कार्यरत स्थानीय युवक पर संदेह जताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी संदिग्ध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के बाद घटना के कारणों का खुलासा होगा। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इसी क्षेत्र में पहले भी जय अंबे कंपनी परिसर में फायरिंग की घटना सामने आ चुकी है।







