श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के नवागत एसपी संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि 15 से 30 जुलाई तक विशेष नशा विरोधी अभियान चलाया जाएगा। अपराध नियंत्रण, चोरी रोकने, रात्रि गश्त बढ़ाने और सोशल मीडिया पर सामने आने वाले मामलों में तत्काल कार्रवाई उनकी प्राथमिकता रहेगी।
शहडोल जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने शनिवार को अपनी पहली पत्रकार वार्ता में पुलिस की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस आमजन का विश्वास जीतने के लिए संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से काम करेगी।
एसपी अग्रवाल ने बताया कि 15 जुलाई से 30 जुलाई तक जिले में विशेष नशा विरोधी अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों का भी सहयोग लिया जाएगा। अभियान के दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य मीडिया माध्यमों में प्रकाशित खबरों को पुलिस गंभीरता से लेगी। यदि किसी समाचार के जरिए अपराध, अवैध गतिविधि या जनहित से जुड़ा मामला सामने आता है तो पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगी। इस संबंध में जिले के सभी थाना प्रभारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं पर एसपी ने कहा कि पुलिस का सूचना तंत्र और अधिक मजबूत किया जाएगा। रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी तथा जिन थानों में पुलिस बल की कमी है, वहां पुलिस लाइन से अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान एसपी अग्रवाल ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें मीडिया और आम जनता की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा, “जहां खबर होती है, वहां पुलिस पहुंचती है और जहां पुलिस होती है, वहां पत्रकार भी मौजूद रहते हैं।” उन्होंने पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि दोनों का उद्देश्य समाज में पारदर्शिता बनाए रखना, कानून का पालन सुनिश्चित करना और आमजन की सुरक्षा करना है।







