श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल। जिले के ब्यौहारी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुरवा में जहरीले सांप के डंसने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान छोटेलाल कोल पुत्र सत्यनारायण कोल(30) निवासी ग्राम पंचायत रामपुरवा के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय छोटेलाल शराब के नशे में था। बताया जा रहा है कि उसने एक जहरीले सांप को पकड़ लिया और हाथ में लेकर उससे खिलवाड़ करने लगा।
सांप के काटते ही युवक की बिगड़ने लगी तबीयत
इसी दौरान सांप ने उसके हाथ में डंस लिया। सांप के काटने के बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। स्वजन और ग्रामीण उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत गंभीर हो गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया
लापरवाही से गई युवक की जान
ग्रामीणों ने बताया कि छोटेलाल को कई लोगों ने सांप से दूर रहने और उसे छोड़ देने की समझाइश दी थी, लेकिन उसने बात नहीं मानी। इस लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। विशेषज्ञों की सलाह है कि सांप के काटने पर बिना देरी किए मरीज को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जाए। झाड़-फूंक या अन्य अंधविश्वासों के बजाय तुरंत चिकित्सकीय उपचार कराना जरूरी है।
चिकित्सकों का कहना है कि नशे की हालत में जहरीले जीवों से खिलवाड़ करना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जंगली और जहरीले जीवों से दूरी बनाए रखें और खतरा होने पर वन विभाग या 108 सेवा की मदद लें।







