श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के खनौधी वन परिक्षेत्र में भालू के हमले से एक किसान की मौत हो गई। मुर्गा महरोई गांव का 52 वर्षीय किसान गुरुवार को मवेशी चराने गया था, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह उसका शव खेत में मिला। जिले में एक सप्ताह के भीतर भालू के हमले से मौत का यह दूसरा मामला है।
पुलिस के अनुसार, किसान गुरुवार सुबह मवेशी लेकर घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में शव देखा और इसकी सूचना पुलिस व वन विभाग को दी।
शरीर पर मिले हमले के निशान
सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर मिले गहरे घाव और घटनास्थल के आसपास के निशानों के आधार पर भालू के हमले की आशंका जताई गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वन विभाग की जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
ग्रामीणों ने बढ़ाई गश्त की मांग
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब खेतों में काम करना और मवेशी चराना भी जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, भालू की निगरानी करने और गांवों में लोगों को सतर्क करने की मांग की है।
एक सप्ताह पहले भी गई थी एक जान
इससे पहले गोहपारू वन परिक्षेत्र के धनवाह गांव में भी भालू के हमले में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई थी। वह जंगल से लकड़ी लेने गया था और हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। लगातार दूसरी घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से वन्यजीवों की निगरानी और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।







