श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः थाना अमलाई क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार सामने आ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही पर कुल सात वाहन बरामद किए हैं जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि थाना अमलाई क्षेत्र में विगत दिनों कई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए। इन सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से सात वाहन जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपितों में अर्झला निवासी 25 वर्षीय अमन तिवारी पुत्र श्रीकांत उर्फ कंडी तिवारी तथा रुंगटा नई दफाई अमलाई निवासी 25 वर्षीय दीपक उर्फ दीपू सिंह पिता लालू सिंह शामिल हैं। दोनों से पूछताछ के दौरान चोरी के कई महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी पुलिस को प्राप्त हुई है।
पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है। पुलिस जांच में दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें नमन केवट निवासी हाथीडोल, बुढार तथा मंगेश सिंह निवासी टिकुरी टोला बुढार शामिल हैं। दोनों फरार हैं। पुलिस द्वारा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।







