SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » पुट्टी-पुताई करने वाला बना फर्जी करोड़पति: कोठियों की तस्वीरें दिखाकर हुआ फरार, कैसे मुरैना में मिली पीड़िता?

पुट्टी-पुताई करने वाला बना फर्जी करोड़पति: कोठियों की तस्वीरें दिखाकर हुआ फरार, कैसे मुरैना में मिली पीड़िता?

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-   शहडोल में इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान बनाकर रईस होने का दिखावा करने वाले युवक ने 18 वर्षीय छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पुलिस ने साइबर ट्रैकिंग के जरिए मुरैना से छात्रा को सकुशल बरामद किया, जबकि आरोपी फरार है।

जैतपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान और दिखावटी लाइफस्टाइल के जरिए एक कॉलेज छात्रा को अपने प्रभाव में लेकर साथ ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रा को मुरैना जिले से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। वहीं आरोपी युवक फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

इंस्टाग्राम पर बनाई फर्जी पहचान

पुलिस के अनुसार, ग्वालियर जिले के मोहसान निवासी 28 वर्षीय करण धनक पुट्टी-पुताई का काम करता है। उसने इंस्टाग्राम पर “करण राजपूत” नाम से फर्जी आईडी बना रखी थी। काम के दौरान वह जिन आलीशान मकानों में जाता था, वहां तस्वीरें खिंचवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था, ताकि खुद को संपन्न और रसूखदार परिवार का सदस्य साबित कर सके। इसी दिखावटी जीवनशैली से प्रभावित होकर जैतपुर की 18 वर्षीय प्रथम वर्ष की छात्रा उसके संपर्क में आ गई।

सुनियोजित तरीके से पहुंचा जैतपुर

थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपी पहले ट्रेन से ग्वालियर से शहडोल पहुंचा, फिर बस से बुढार और ऑटो के जरिए जैतपुर आया। यहां उसने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। युवती के अचानक लापता होने पर परिजनों ने 6 जून को जैतपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

साइबर सेल की मदद से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन मुरैना जिले में मिली। पुलिस टीम ने आरोपी के मामा के घर दबिश देकर युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया।

बयान के बाद होगी आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि युवती को दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। अब न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फर्जी प्रोफाइल और दिखावटी जीवनशैली से सतर्क रहने की अपील भी की है।
Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us