श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- धनपुरीः नगर की बदहाल सड़कों, बेरोजगारी और एसईसीएल रेलवे साइडिंग से प्रतिदिन गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण उड़ रही धूल. डस्ट से परेशान नागरिकों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। ब्लाक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मंडलम कांग्रेस कमेटी अमलाई के कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिलने के बाद एसईसीएल प्रबंधन को हस्तक्षेप करना पड़ा और अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर मांगों के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। नगर की प्रमुख सड़कों की हालत लंबे समय से खराब है। रेलवे साइडिंग से प्रतिदिन सैकड़ों भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही के कारण सड़कें जगह जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। गड्ढों और उड़ती धूल ने आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि धूल के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जबकि कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। इसी के विरोध में ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने आंदोलन का बिगुल फूंका। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई तथा सड़क निर्माण, धूल नियंत्रण और स्थानीय युवाओं को रोजगार, उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने जनआक्रोश को स्पष्ट रूप से सामने ला दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी अमलाई तथा बुढ़ार ग्रुप के उपक्षेत्रीय महाप्रबंधक मौके पर पहुंचे।
आंदोलन के दौरान एसईसीएल के महाप्रबंधक ने दूरभाष पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंकित सिंह से चर्चा कर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद उपक्षेत्रीय महाप्रबंधक स्वयं धरना स्थल पहुंचे और मंच से सार्वजनिक रूप से आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों को स्वीकार करते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। अमलाई कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष ओंकार सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नगरवासी शामिल हुए।।








