श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- भोपाल के छोला मंदिर क्षेत्र में एकतरफा प्यार में पागल युवक अक्षय चंदेल ने बातचीत से इनकार करने पर अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बचाने आई उसकी बहन को भी घायल कर दिया। दोनों बहनें घायल हैं। आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने एक बार फिर कामकाजी और राह चलती महिलाओं की सुरक्षा पर गहरे सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। एकतरफा प्यार के सनक में डूबे एक युवक ने बीच सड़क पर न सिर्फ एक युवती की जान लेने की कोशिश की, बल्कि महिला सुरक्षा के दावों को भी सरेआम चुनौती दे डाली। छोला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छोला थाना पुलिस के अनुसार प्रीत नगर निवासी अक्षय चंदेल ने बातचीत से इनकार करने पर युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक मंजर के दौरान जब पीड़िता की बड़ी बहन उसे बचाने दौड़ी, तो आरोपी ने उस पर भी बेरहमी से वार किया। इस सनसनीखेज वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार शंकर नगर निवासी 23 वर्षीय पायल (परिवर्तित नाम) बीती शाम करीब 4 बजे अपनी छोटी बहन पायल के साथ घर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे आरोपी अक्षय चंदेल ने दोनों बहनों का रास्ता रोक लिया। आरोपी पुरानी बातों को लेकर जबरन बातचीत करने का दबाव बनाने लगा और विवाद पर उतारू हो गया। उसने बिना कुछ सोचे-समझे अपनी जेब से धारदार चाकू निकाला और छोटी बहन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने युवती की गर्दन, चेहरे, पीठ और हाथों पर एक के बाद एक कई वार किए। अचानक हुए इस जानलेवा हमले से युवती लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी।
बहन पर भी किया हमला, गाल पर गहरी चोट
चीख-पुकार सुनकर जब बड़ी बहन अपनी छोटी बहन को बचाने के लिए आगे आई और उसने आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो दरिंदे ने उस पर भी रहम नहीं खाया। आरोपी ने युवती के चेहरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं गाल पर गहरा घाव हो गया। दोनों बहनों के शोर मचाने और स्थानीय लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी अक्षय चंदेल जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।







