श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल। चलती बेतवा एक्सप्रेस में महिला यात्री का पर्स चुराकर 7 लाख के सोने-चांदी के जेवरात उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का आरपीएफ ने भंडाफोड़ किया है।मामले में दो शातिर चोरों समेत चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर अधिकांश जेवरात बरामद कर लिए गए हैं।
परिवार के साथ कानपुर से रायपुर जा रहे थे
11 मई 2026 को छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी रवि प्रताप सिंह परिवार के साथ ट्रेन नंबर 18204 बेतवा एक्सप्रेस से कानपुर से रायपुर जा रहे थे।
कटनी के बाद पत्नी का लेडीज पर्स चोरी हो गया
कटनी स्टेशन के बाद उनकी पत्नी का लेडीज पर्स चोरी हो गया। पर्स में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और दस्तावेज थे। कुल कीमत करीब 7 लाख रु. थी। शिकायत पर जीआरपी शहडोल ने केस दर्ज किया।
तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पकड़ा
आरपीएफ ने विशेष टीम बनाकर सीसीटीवी खंगाले। दो संदिग्ध उमरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर बस से शहडोल पहुंचे और यहां से ट्रेन पकड़कर कानपुर चले गए। तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुख्य आरोपी विनय प्रणामी को कानपुर से पकड़ा।
गहने गलाकर आगे बेचने की बात कही
पूछताछ में उसने साथी प्रमोद कुमार यादव के साथ चोरी कबूली। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपितों ने चोरी के आभूषण कानपुर निवासी हरिओम गुप्ता को 6.35 लाख रुपये में बेच दिए थे। हरिओम ने गहने गलाकर आगे बेचने की बात कही। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों को शहडोल लाकर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया
आरपीएफ ने तीनों आरोपियों को शहडोल लाकर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। कार्रवाई में आरपीएफ शहडोल, उमरिया चौकी और आरपीएफ क्राइम ब्रांच बिलासपुर की अहम भूमिका रही।







