SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » रिटायर्ड बैंककर्मी की संदिग्ध मौत, घर में नग्न अवस्था में मिला शव; हत्या की आशंका से सनसनी

रिटायर्ड बैंककर्मी की संदिग्ध मौत, घर में नग्न अवस्था में मिला शव; हत्या की आशंका से सनसनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  शहडोल के बलपुरवा बस स्टैंड क्षेत्र में 81 वर्षीय सेवानिवृत्त बैंककर्मी जगदीश प्रसाद मिश्रा का शव संदिग्ध हालत में घर में मिला। शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। अकेले रहने वाले बुजुर्ग की मौत के कारणों की जांच पुलिस कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बलपुरवा बस स्टैंड के पास मेन रोड स्थित एक मकान में 81 वर्षीय रिटायर्ड बैंककर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान जगदीश प्रसाद मिश्रा के रूप में हुई है, जो सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी थे और अपने घर में अकेले रहते थे। पुलिस ने प्रथमदृष्टया हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह रोजाना की तरह खाना बनाने आने वाली महिला जब घर पहुंची तो मुख्य कमरे के भीतर जगदीश प्रसाद मिश्रा का शव पड़ा मिला। बुजुर्ग नग्न अवस्था में थे और उनके शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। यह दृश्य देखकर महिला घबरा गई और तत्काल आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। इसके बाद फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।स्थानीय लोगों के अनुसार जगदीश प्रसाद मिश्रा लंबे समय से अकेले रह रहे थे। ऐसे में उनकी मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय घर के आसपास कौन-कौन मौजूद था।

मामले में सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घर में चोरी या लूटपाट हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us