SUBSCRIBE NOW

Home » ताजा खबर » बड़वानी जिले में सोते हुए परिवार पर गिरी एसिड की गेलन, महिला की मौत; दो बच्चे झुलसे

बड़वानी जिले में सोते हुए परिवार पर गिरी एसिड की गेलन, महिला की मौत; दो बच्चे झुलसे

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में राजपुर थाना क्षेत्र ग्राम मोहनपुरा में एक बड़ी घटना घटी। यहां खेत में झोपड़ी में सो रहे परिवार पर एसिड की गैलन गिर गई। जिससे एक महिला की मौत हो गई वहीं उसके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

थाना प्रभारी माधव सिंह ठाकुर के अनुसार इतना एसिड कहां से व कैसे लाया गया पुलिस इस पर भी गहन जांच कर रही है। फिलहाल बच्चों का उपचार जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में जारी है। जानकारी के अनुसार ग्राम मोहनपुरा में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक हादसा हो गया।

खेत में सो रहे एक परिवार पर ड्रिप लाइन साफ करने के लिए रखी एसिड की गैलन पलट गई। इस घटना में मां की मौत हो गई, जबकि उनके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी के अनुसार, सालखेड़ा निवासी विजय चौहान अपनी 28 वर्षीय पत्नी पिंकी और बच्चों के साथ मोहनपुरा स्थित खेत में रहकर खेती का काम करते हैं।

बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया

गुरुवार रात खेत में ड्रिप लाइन साफ करने के लिए एसिड की गैलन लाकर रखी गई थी। रात में जब परिवार सो रहा था, तभी अचानक गैलन पलट गई। एसिड पिंकी, उनकी 4 वर्षीय बेटी सिवानी और 6 वर्षीय बेटे अथर्व पर गिर गया। एसिड गिरने से तीनों की चीख-पुकार मच गई।

आवाज सुनकर आसपास सो रहे परिजन दौड़े और तीनों को गंभीर हालत में उठाया। उन्हें तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बड़वानी रेफर कर दिया गया।

रास्ते में हो गई महिला की मौत

जिला अस्पताल पहुंचने के दौरान पिंकी चौहान की मौत हो गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मासूम सिवानी और अथर्व को बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों बच्चे 40 से 50 फीसदी तक झुलस गए हैं। उनकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है और अगले 48 घंटे उनके लिए महत्वपूर्ण बताए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची।

प्रारंभिक जांच में लग रहा हादसा

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला एक हादसा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। एक साथ परिवार के तीन सदस्यों के झुलसने और महिला की मौत की खबर से मोहनपुरा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us